- Hindi News
- खूंटी में आजसू का रन फॉर झारखंड, सुदेश के साथ दौड़े हजारों युवा
खूंटी में आजसू का रन फॉर झारखंड, सुदेश के साथ दौड़े हजारों युवा
भास्कर न्यूज - रांची/खूंटी
स्वामी विवेकानंद की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में झारखंड स्पोट्र्स वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से चल रहे युवा संकल्प पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को खूंटी में रन फॉर झारखंड का आयोजन किया गया। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, सावित्री पूर्ति एवं बिगन सोय के नेतृत्व में करीब 10 हजार छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने इसमें भाग लिया। कचहरी मैदान में कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सुदेश महतो ने युवाओं को जागृत करते हुए मिलजुल कर नए भारत के निर्माण में सहयोग देने की अपील की। कहा कि युवाशक्ति ही देश का भविष्य है। आप आगे आकर देश की उन्नति में योगदान दें। कार्यक्रम को हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भी संबोधित किया। इसके बाद अतिथियों ने गुब्बारा उड़ा कर एवं युवाओं को शपथ दिलाकर रन फॉर झारखंड का आगाज किया। दौड़ कचहरी मैदान से शुरू होकर मेन रोड होते हुए पिपरा टोली तक गई। इसकी अगुवाई सुदेश महतो खुद कर रहे थे। उन्होंने ने भी युवाओं के साथ करीब तीन किमी की दौड़ लगाई। आयोजन को सफल बनाने में नपं उपाध्यक्ष मदनमोहन मिश्रा, डॉ. देवशरण भगत, राजकुमार गुप्ता, रमेश भगत, स्नेहलता कंडूलना, मृत्युंजय कुमार सिंह, पंचू महतो, पंकज कुमार, सुभाष का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा पार्टी ने जमकर धमाल मचाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत पेश किए जाते रहे। नागपुरी गीत चल गुइया अंबा बगीचा युवाओं में जोश भर रहा था।
रन फॉर झारखंड में जिले के एक दर्जन से अधिक स्कूलों एवं कालेजों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों में गजब का उत्साह देखा गया। युवा सुबह आठ बजे से ही कचहरी मैदान पहुंचने लगे थे। उन्हें मुरहू, कर्रा, तोरपा, रनिया आदि जगहों से गाडिय़ों से लाया गया था।
चल गुइया अंबा बगीचा...
स्कूल-कॉलेजों के स्टूडेंट्स ने लिया भाग
रन फॉर झारखंड में लोगों को संबोधित करते सुदेश महतो व नवीन जायसवाल।