- Hindi News
- नीतीश ने की थी रिश्वत देने की पेशकश : बलमुचू
नीतीश ने की थी रिश्वत देने की पेशकश : बलमुचू
भास्कर संवाददाता - रांची
राज्यसभा सदस्य सह कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचू ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि साल 2000 में नीतीश कुमार अपने सात दिन की सरकार बचाने के लिए कांग्रेसी विधायकों को रिश्वत देना चाह रहे थे। वह पैसा, गाड़ी और बंगला सब कुछ देने को तैयार थे। वह चाहते थे कि कांग्रेस के विधायक उनका समर्थन करें।
बलमुचू ने कहा कि हमने नीतीश जी को कहा कि अगर आपका साथ दिया तो पार्टी हमें निकाल देगी। तब नीतीश ने यह भी कहा कि आपलोग पार्टी छोड़ दें। लेकिन झारखंड के कांग्रेस विधायकों की ओर से हमने उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। बलमुचू शुक्रवार को
भास्कर संवाददाता से बात कर रहे थे। बलमुचू ने कहा कि तब
अविभाजित बिहार था। केंद्र में भाजपा का शासन था।
राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने नीतीश कुमार को बिहार की बागडोर सौंप दी थी। उस समय नीतीश कुमार रेल मंत्री का पद छोड़कर आए थे। वह अल्पमत में थे। इसलिए कांग्रेस के विधायकों का साथ चाहते थे। नीतीश कुमार के ऑफर को ठुकराते हुए हमने अपने विधायकों को समझाया था कि झारखंड इलाके के करीब 30 विधायक भाजपा के हैं। अगर हमने नीतीश कुमार का साथ दे दिया तो वह कभी भी झारखंड अलग राज्य नहीं होने देंगे क्योंकि अलग राज्य होने से भाजपा के सभी विधायक झारखंड में आ जाएंगे और नीतीश की सरकार गिर जाएगी। नीतीश कुमार ऐसा नहीं होने देंगे। इसके बाद नीतीश कुमार की सरकार सात दिनों में ही गिर गई और लालू प्रसाद की सरकार बनी। लालू से हमने अलग राज्य के लिए विधानसभा में बिल पास करा लिया था।
.