रांची में एचआईएल का आगाज कल
खेल संवाददाता - रांची
बॉलीवुड अदाकारा एवलीन लक्ष्मी शर्मा 26 जनवरी को एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में अपने डांस का जलवा बिखेरने आ रही हैं। इन्होंने नौटंकी साला, ये जवानी है दीवानी, इश्क, यारियां, फ्रॉम सिडनी वीथ लव जैसाी फिल्मों में काम कर लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। हॉकी इंडिया लीग ((एचआईएल)) के दूसरे संस्करण में रांची राइनोज के मैच के दौरान अपने डांस नंबर प्रस्तुत करेंगी। आयोजकों को पूरा भरोसा है कि हॉकी के साथ साथ एवलीन के डांस से शहर में हाकी का
समां बंध जाएगा। एवलीन ने हिंदी सिनेमा जगत में एक से बढ़ कर एक फिल्में दी है। जर्मन मूल की एवलीन की एक्टिंग ये जवानी है दीवानी में काफी सराही गई थी। यहीं से इनकी पहचान बनी और कुछ ही दिनों में वो सबके दिलों में बस गईं। मैच के शुरू और मध्यांतर में एवलीन दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। इनके साथ और भी कई कलाकार होंगे।
दूसरे दिन बिके 1300 टिकट
रांची राइनोज और यूपी विजाडर्स के बीच होने वाले मैच के टिकट दूसरे दिन शुक्रवार को एस्ट्रोटर्फ मैदान के पास बनाए गए काउंटर से 1300 से बिके। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टिकटों की बिक्री की गई। जिसमें 150 रुपए कीमत मूल्य वाली टिकटों की मांग अधिक रही।