- Hindi News
- वनाधिकार के लिए 44 मामले में पट्टे की मंजूरी
वनाधिकार के लिए 44 मामले में पट्टे की मंजूरी
भास्कर न्यूज - हजारीबाग
जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक में अनुसूचित जनजाति के 44 आवेदनों पर निर्णय लेते हुए वन भूमि का पट्टा निर्गत करने की स्वीकृति दी गई जबकि 25 मामलों में डीएफओ रामगढ़ से एक दिन के भीतर मंतव्य प्राप्त कर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया। वनाधिकार समिति की बैठक उपायुक्त सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित थी, जिसमें प्रशिक्षु आईएएस हर्षिका सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी जुगनू मिंज, वन प्रमंडल पदाधिकारी पूर्वी तथा
पश्चिमी के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल स्तरीय वनाधिकार समिति के द्वारा वनाधिकार से संबंधित आवेदनों पर अंतिम निर्णय के लिए अनुशंसा के साथ जिला के पास भेजा गया था, जिसमें सदर अनुमंडल के चुरचू अंचल अंतर्गत चीची खुर्द के 25 मामले थे। इनमें कुल 14.40 एकड़ भूमि सन्निहित है। बताया गया है कि उक्त क्षेत्र रामगढ़ डीएफओ के अधीन है, जो आज बैठक में उपस्थित नहीं थे। इसलिए निर्णय से पहले डीएफओ से पक्ष जान लेने का निर्देश दिया गया जबकि बरही अनुमंडल के बरही अंचल के जीतपुर गांव पांच तथा खोड़ाहर गांव के 21 आवेदन को अग्रसारित किया गया था। बरकट्ठा अंचल के गोरहर गांव का 18 आवेदन था। इन सभी मामलों में निर्णय लेते हुए पट्टा निर्गत करने की स्वीकृति दी गई।
जानकारी के अनुसार बैठक में विलुप्त हो रहे बिरहोर परिवारों के लिए बनने वाले बिरसा आवास की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बिरसा आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।