- Hindi News
- 30 जनवरी को भाजपा का शांतिपूर्ण रेल रोको आंदोलन
30 जनवरी को भाजपा का शांतिपूर्ण रेल रोको आंदोलन
भास्कर संवाददाता - रांची
भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय स्तर पर किसानों की समस्या को लेकर ३० जनवरी को सांकेतिक रेल रोको आंदोलन करेगा। झारखंड में भी उस दिन जामताड़ा और कोडरमा में रेल रोकी जाएगी। हालांकि इस आंदोलन के कारण यात्रियों को किसी तरह से परेशान नहीं किया जाएगा। किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी कई और स्तरों पर भी आंदोलन करेगी।
रांची आए मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेश सिरोही ने सोमवार को यहां मोर्चा नेताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों को यह जानकारी दी। मौके पर मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह, पूर्व मोर्चा अध्यक्ष ओम सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। सिरोही ने कहा कि केंद्र सरकार रूडा कमेटी की सिफारिशों को लागू करे, जिसमें प्राकृतिक आपदा की स्थिति में 25 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि वाजपेयी की नदी जोड़ो योजना को ठंढे बस्ते में डाल दिया गया। धान क्रय की विसंगति को लेकर आंदोलन की चेतावनी : प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष प्रेम सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी घोषणा के अनुरूप राज्य को सुखाड़ क्षेत्र घोषित नहीं किया। शहादत दिवस पर इसको लेकर आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेश सिरोही व अन्य।