पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची। झामुमो विधायक दल की सोमवार को हुई बैठक में बतौर राज्यसभा प्रत्याशी पांच नाम उभरे। दो नाम शुरू में ही खारिज कर दिए गए, पर तीन नामों पर अंत तक चर्चा हुई। गुरुजी ने कहा, न मैं, न बसंत, राज्यसभा में अपने दिवंगत नेता सुधीर महतो की पत्नी सविता जाएंगी। कोल्हान व छोटानागपुर के विधायकों ने गुरुजी के इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त किया पर संथाल के कुछ नेताओं की नजर में शिबू सोरेन को ही उम्मीदवार होना चाहिए था। बैठक से निकलने के बाद विधायक विष्णु भैया ने कहा पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन, बसंत सोरेन, सविता महतो, विनोद पांडेय व सुप्रियो भट्टाचार्य के नाम पर चर्चा हुई।
ग्रामीण कार्यमंत्री साइमन मरांडी ने कहा कि अधिकतर विधायक चाहते थे कि गुरुजी खुद राज्यसभा का चुनाव लड़ें। ऐसा होने से कांग्रेस व राजद भी आसानी से समर्थन देते। पर, सुधीर महतो की पत्नी को राज्यसभा में भेजने के लिए स्वयं गुरुजी ने अपनी भावना बैठक में रखी। उन्होंने कहा कि बदली परिस्थिति में वे चाहते हैं कि सुधीर महतो की पत्नी को यह अहसास हो कि पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। ऐसे में सविता के नाम पर सबको एकमत होना चाहिए। फिर सभी इस पर खुशी-खुशी राजी हो गए।
भाजपा के खिलाफ दांव
पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने कुछ दिनों पहले कहा था कि झामुमो को चाहिए कि वह सुधीर महतो की पत्नी को प्रत्याशी बनाए। सोमवार को झामुमो ने सविता का नाम आगे कर मुंडा को घेरने की कोशिश की है।
विकल्प खुले हैं : सुखदेव
बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि तीनों दलों के नामांकन पत्र भरने के बाद भी सारे विकल्प खुले हुए हैं। यूपीए के घटक दल आपस में बात करके सब कुछ ठीक कर लेंगे। वार्ता से सब कुछ संभव है।
आलमगीर आज करेंगे नामांकन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी आलमगीर आलम मंगलवार को विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पार्टी ने यह निर्णय लिया था कि अल्पसंख्यक समुदाय के उम्मीदवार को चुनाव में उतारा जाएगा।
भाजपा और आजसू से रिश्ता बनाने जा रहा हूं : परिमल नाथवाणी
परिमल नथवाणी ने सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय और संगठन महामंत्री सौदान सिंह से एक घंटे तक मुलाकात की। बातचीत के बाद नथवाणी ने बताया कि वे समर्थन के लिए अनुरोध करने आए थे। भाजपा ने उन्हें दूसरी पार्टी का भी समर्थन लेकर आने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा और आजसू से रिश्ते बनाने जा रहे हैं। बाकी दलों से भी समर्थन लेने में कोई गुरेज नहीं है। यह पूछने पर कि वह किस दल के उम्मीदवार होंगे, नथवाणी ने इसका सीधा जवाब नहीं दिया। कहा कि सोमवार रात सब कुछ तय हो जाने के बाद मंगलवार को नामांकन कर सकते हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.