- Hindi News
- लिखित आश्वासन पर ही मानेंगे हड़ताली कर्मी : संघ
लिखित आश्वासन पर ही मानेंगे हड़ताली कर्मी : संघ
भास्कर संवाददाता - रांची
विभिन्न मांगों को लेकर अनुसचिवीय कर्मचारी संघ की हड़ताल सोमवार को सातवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण कलेक्ट्रेट का काम प्रभावित हो रहा है। संघ ने स्पष्ट कहा है कि सम्मानजनक समझौते के बाद ही कर्मचारी काम पर लौटेंगे। कार्मिक सचिव ने उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है। लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि मौखिक नहीं, कार्मिक सचिव लिखित आश्वासन दें, तभी हड़ताल टूटेगी।
इस बीच सोमवार की शाम संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला मंत्री जसीम अख्तर के नेतृत्व में कृषि मंत्री योगेंद्र साव से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। अख्तर ने बताया कि मंगलवार को अन्य मंत्रियों से मिलकर अपनी समस्याएं रखेंगे। हड़ताल के कारण समाहरणालय का कामकाज ठप है। आवासीय, जाति, आचरण, जन्म प्रमाणपत्र सहित अन्य सर्टिफिकेट बनाने का काम पूरी तरह बंद है।
छात्र संबंधित कार्यालय आकर लौट जा रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी काम को लेकर बाहर से आनेवाले लोगों को हो रही है। जिला मंत्री अख्तर ने बताया कि कार्मिक के प्रधान सचिव ने समाहरणालय सेवा संवर्ग गठन पर सहमति दी है। उपायुक्त के सचिव का पद सृजित किया जाएगा। जो पद नोटिफाइड नहीं हैं, उन्हें सृजित किया जाएगा। ऐसे विभागों में लिपिक और प्रधान लिपिक की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि मात्र वरीय और कनीय लिपिक को एकीकरण के मामले पर प्रधान सचिव ने अपनी असहमति जताई है। प्रतिनिधिमंडल में जसीम अख्तर, तपन सिंह, अनवर, तुरतन लुगुन, केपी यादव, अशोक सिंह, बसंत सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे।
:कर्मचारियों की हड़ताल का सातवां दिन : जिला प्रशासन का काम प्रभावित