31 मार्च के बाद नगद निबंधन नहीं : सीएस
रांची - मुख्य सचिव आरएस शर्मा ने कहा है कि 31 मार्च के बाद निबंधन कार्यालयों में नगद राशि देकर कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। एक अप्रैल से सभी जिलों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा। फिलहाल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का काम केवल रांची में हो रहा है। मुख्य सचिव सोमवार को अपने कार्यालय में निबंधन विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिया कि ऑनलाइन निबंधन को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के लिए वृहत स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। ऑनलाइन सर्च मॉड्यूल को अधिक से अधिक यूजर फ्रेंडली बनाया जाय। रजिस्ट्रेशन के काम में दक्ष लोगों को लगाया जाए। ई-निबंधन पोर्टल की समीक्षा कराकर उनसे फीडबैक प्राप्त किया जाए। फिर उसके अनुरूप सुधार किया जाए। उन्होंने भूमि रिकार्ड के डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। इसके अलावा कहा कि रजिस्ट्रेशन कार्यालय के डाटा को अंचलाधिकारी के कार्यालय से भी जोड़ा जाए, ताकि उसी डाटा के आधार पर अंचलाधिकारी दाखिल खारिज कर सकें।