शहर में सड़कों की चौड़ाई बढ़े : चैंबर
भास्कर संवाददाता - रांची
चैंबर पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को मास्टर प्लान पर चर्चा की। निगम ने मास्टर प्लान 2037 पर आपत्तियों और सुझाव आमंत्रित करने के लिए एक समिति का गठन किया था। समिति की ओर अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रतन मोदी और पूर्व अध्यक्ष विष्णु बुधिया व चंद्रकांत रायपत उपस्थित हुए। बैठक में क्रेडाई और आर्किटेक्ट एसोसिएशन के सदस्य भी शामिल हुए।
बैठक में रांची की सड़कों की चौड़ाई 80 से 120 फुट करने, मास्टर प्लान एरिया को 175 किलोमीटर से बढ़ाकर 642 किलोमीटर मिलने पर विस्तार से चर्चा हुई। महासचिव पवन शर्मा ने बैठक के बाद बताया कि मास्टर प्लान में निगम क्षेत्र के बाहर के गांवों की भूमि आएगी, उसका उपयोग हिसाब से किया जाना चाहिए। इसके अलावा डूमरदगा और जुमार नदी के आसपास का इलाका मास्टर प्लान में ओपन स्पेस के तहत लाया गया था। चैंबर के आग्रह पर उसे कंपोजिट एरिया घोषित करने पर सहमति हुई।
आर्किटेक्ट एसोसिएशन की ओर से मांग रखी गई कि शहर के चारों तरफ बस टर्मिनल बनाए जाने चाहिए, ताकि हर नेशनल हाईवे के पास यातायात सुचारू रूप से चल सके। शहर पर इसका बोझ न पड़े। इसी तरह ट्रांसपोर्ट नगर और कोकर एरिया के पास कामर्शियल और मार्केटिंग कांप्लेक्स बनाए जाने पर भी चर्चा हुई। निगम द्वारा इनमें से कई मांगों पर विचार करते हुए मान लिया गया और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
मास्टर प्लान पर आपत्तियों पर नगर निगम विचार कर रहा है। तारीख बढऩे से और भी सुझाव इस मामले में मिलने की उम्मीद है। सभी संभावनाओं को देखकर मास्टर प्लान फाइनल किया जाएगा।