- Hindi News
- हर जिले में दो से शुरू होगा काम मांगो अभियान
हर जिले में दो से शुरू होगा काम मांगो अभियान
भास्कर संवाददाता - रांची
झारखंड के हर जिले में दो फरवरी से ‘काम मांगो अभियान’ शुरू होगा। इसके तहत लोग सरकार से काम मांगेंगे और सरकार को काम देना होगा। ये बातें पैक्स के स्टेट मैनेजर जॉनसन टोपनो ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं। उन्होंने कहा कि काम मांगो अभियान सात राज्यों में चल रहा है। फरवरी से हर राज्य में ये शुरू हो जाएगा। मौके पर पैक्स के प्रोग्राम ऑफिसर धीरज होरे, देवघर के चेतना विकास की अध्यक्ष रानी कुमारी व मनोरंजन उपस्थित थे।
जॉनसन टोपनो ने कहा कि मनरेगा में पुरुष प्रधान ज्यादा, जबकि महिला प्रधान काम कम हैं। 96 पंचायतों में सोशल ऑडिट किया गया है। लोगों की शिकायत है कि समय पर भुगतान नहीं होता है। हर जगह बैंक नहीं है वहीं संथाल परगना में आदिम जनजातियों की हालत काफी खराब है।
मजदूर सम्मेलन आज : मजदूर सम्मेलन 28 जनवरी को होगा। इसमें कई जिलों से मजदूर आएंगे। उद्घाटन सीएम करेंगे।
पत्रकारों से बात करते पैक्स के स्टेट मैनेजर जॉनसन टोप्पो।