तीन में दो सीट यूपीए की : राजेंद्र सिंह
भास्कर संवाददाता - रांची
कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं झारखंड सरकार के मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि राज्यसभा की तीन सीटों में से दो सीटें निश्चित रूप से यूपीए के खाते में आएगी। दो सीटों के लिए फिलहाल चुनाव हो रहा है और केडी सिंह द्वारा खाली की गई सीट के लिए फिर से चुनाव होगा। यूपीए के खाते में 47 विधायकों का समर्थन है। राजेंद्र सिंह होटल बीएनआर चाणक्य में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सोमवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
सिंह ने कहा कि अर्जुन मुंडा को अब सुधीर महतो की पत्नी को राज्यसभा उम्मीदवार के लिए समर्थन करना चाहिए। कांग्रेस उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आलमगीर आलम के नाम पर नामांकन पत्र खरीदा गया है। इस मामले में आलाकमान का निर्देश अब तक नहीं मिला है लेकिन सबकुछ ठीक हो जाएगा। कहा कि वह मंगलवार की शाम दिल्ली जा रहे हैं।