एक नोट, कमल पर वोट चलाएगी भाजपा
रांची - प्रदेश भाजपा मंगलवार को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी भावी रणनीति को अंजाम देगी। इसके लिए दिन के 11 बजे से पार्टी मुख्यालय में सभी जिलों के पार्टी प्रमुखों की बैठक बुलाई गई है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह और प्रदेश प्रभारी विनोद पांडेय उपस्थित रहेंगे। बैठक की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार की शाम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी हुई। इसमें दोनों राष्ट्रीय नेताओं के अलावा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय, अर्जुन मुंडा, यशवंत सिन्हा, सुनील सिंह, राकेश प्रसाद, दीपक प्रकाश, रामटहल चौधरी, बालमुकुंद सहाय शामिल हुए। मंगलवार की बैठक में प्रखंडवार सम्मेलन की तिथि तय की जाएगी। एक नोट, कमल पर वोट कार्यक्रम के तहत नरेंद्र मोदी की तसवीर वाली डब्बा लेकर कार्यकर्ता बूथ क्षेत्र में जाएंगे। मतदाताओं से एक से एक हजार तक के नोट और एक वोट देने का आग्रह करेंगे।