घायल पहुंचे अपोलो
भास्कर संवाददाता, रांची/ओरमांझी:
गिरिडीह के डोलका गांव में उग्रवादियों द्वारा किए गए सीरियल बम ब्लास्ट- में घायल हुए 15 जवानों को सोमवार की शाम हेलिकॉप्टर से रांची लाया गया। इन्हें अपोलो अस्पताल इरबा में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों में 13 सीआरपीएफ के एवं दो जवान झारखंड जगुवार के हैं। ज्यादातर जवानों को पैर, चेहरे और शरीर में जख्म हुए हैं। दो जवान बेहोश थे। घायल जवानों को देखने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रात में अपोलो पहुंचे। उन्होंने जवानों का हाल-चाल जाना। वहीं बेहतर इलाज का भी निर्देश दिया।
सीएम के साथ जैप के एडीजी कमल नयन चौबे, एडीजी बीबी प्रधान, एसएन प्रधान, रांची के डीसी विनय कुमार चौबे, रांची प्रक्षेत्र के डीआईजी शीतल उरांव, सीनियर एसपी भीमसेन टूटी, ग्रामीण एसपी एसके झा सहित कुछ पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। इससे पहले एसटीएफ के डीआईजी प्रवीण कुमार घायल जवानों को देखने अपोलो अस्पताल पहुंचे थे। घायल जवानों ने सीएम को घटना की जानकारी दी।
घायल नौजवानों से हालचाल पूछते सीएम हेमंत सौरेन और अन्य लोग।
अपोलो में भर्ती हैं 15 घायल जवान
सोबित, धुर्व राम, अजय देवकर, गोविंद सिंह, एकरामुल मंडल, कुशेश्वर साव, बलबीर तिर्की, मंगल सिंह, राम पाल, भास्कर नाग, सोमदेव, सुशील कुमार, आनंद घोष ((सभी सीआरपीएफ)) एवं झारखंड जगुवार के संतोष एवं गोराई चन्द्रपाल।
गिरिडीह में बम ब्लास्ट - सीएम पहुंचे अस्पताल, जवानों का लिया हालचाल