102 पशु मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - भरनो
भरनो पुलिस ने सोमवार की देर रात को पशु तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। अवैध रूप से सिसई से रांची होते हुए बंगाल ले जा रहे 102 पशुओं को भरनो पुलिस ने परसा बगीचा से बरामद किया है। दो तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें मोहम्मद हसन व मुंतजिर अंसारी हैं। पुलिस ने इन दोनों को मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया गया। वहीं दो पशु तस्कर फरार हैं। इनमें मोहम्मद इंतेसार और साफर अंसारी है। पुलिस इन दोनों को खोज रही है। इन चारों तस्करों के खिलाफ थाने में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं जब्त पशुओं को भरनो थाना द्वारा अपने संरक्षण में रखा गया है। पुलिस द्वारा पशुओं को जब्त करने की सूचना जैसे ही लोगों को मिली, काफी संख्या में लोग पशुओं को लेने के लिए थाना पहुंच गए। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भरनो से भारी मात्रा में पशुओं को तस्करी के लिए बंगाल ले जाया जा रहा है। थाना प्रभारी अनिल कर्ण ने इसपर कार्रवाई की।
पुलिस ने सोमवार देर रात पशु तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया