पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • परिमल नथवाणी, प्रेमचंद गुप्ता का राज्यसभा जाना तय

परिमल नथवाणी, प्रेमचंद गुप्ता का राज्यसभा जाना तय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता। रांची
झारखंड से एक बार फिर बाहरी उम्मीदवार राज्यसभा जाएंगे। भाजपा-आजसू समर्थित निर्दलीय परिमल नथवाणी और राजद के प्रेमचंद गुप्ता का राज्यसभा सांसद बनना लगभग तय हो गया है। राजद की समर्थन वापसी की धमकी के बाद कांग्रेस ने आलमगीर आलम और झामुमो ने दिवंगत सुधीर महतो की पत्नी सविता महतो के नाम वापस ले लिए। सविता महतो को उम्मीदवार न बनाए जाने से झामुमो में बगावत हो गई। पार्टी के तीन विधायकों मथुरा महतो, जगन्नाथ महतो और विद्युत वरण महतो ने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सोमवार को पार्टी की बैठक में इन तीनों ने ही सविता को प्रत्याशी बनाने का प्रस्ताव दिया था। इधर, दोनों करोड़पति उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना पर्चा भरा। 31 जनवरी को ये निर्विरोध निर्वाचित हो सकते हैं।
ऐसे हावी हुए बाहरी
सोमवार शाम राजद की समर्थन वापसी की धमकी के बाद से राजनीतिक तस्वीर बदलने लगी थी। मंगलवार सुबह कांग्रेस कोटे के वित्त मंत्री राजेंद्र सिंह और राजद की ओर से जल संसाधन मंत्री अन्नपूर्णादेवी ने सीएम हेमंत सोरेन से बात की। राजेंद्र सिंह ने राजद को समर्थन देने की घोषणा की। फिर सभी लोग सीएम आवास पहुंचे। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने भी सीएम हेमंत सोरेन से बात की। राजद को समर्थन देने पर सीएम की सहमति मिलने के बाद गुरुजी ने भी उस पर अपनी मुहर लगा दी। राजद का दबाव काम आया और झामुमो उम्मीदवार सविता को पार्टी ने नामांकन नहीं कराया।