- Hindi News
- शिक्षक संघ का शिक्षा रथ सात को पहुंचेगा रांची
शिक्षक संघ का शिक्षा रथ सात को पहुंचेगा रांची
भास्कर संवाददाता - रांची
बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने देश-भर में मुहिम शुरू की है। देश के तीन भागों से एक फरवरी को एक साथ शिक्षा रथ निकाला जाएगा। यह रथ देशभर का भ्रमण करेगा। यह जानकारी पत्रकार वार्ता में बुधवार को झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के महासचिव ब्रजबिहारी पांडेय ने दी।
पांडेय ने बताया कि गुजरात के सोमनाथ से शिक्षा रथ का शुभारंभ किया जाएगा। शिक्षा रथ ब्रज बिहारी पांडेय के नेतृत्व में ओडि़शा होते हुए छह फरवरी को झारखंड में प्रवेश करेगा। सात फरवरी को रथ रांची पहुंचेगा। खूंटी और चाईबासा के रास्ते बंगाल में 11 फरवरी को प्रवेश करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा रथ का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसके साथ ही बच्चों को विद्यालयों में नामांकित करना, गुणात्मक शिक्षा के लिए वातावरण तैयार करना, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति करना और विद्यालयों में गुणात्मक संसाधन उपलब्ध कराना है। शिक्षा रथ देश के 23 राज्यों का भ्रमण करते हुए 27 फरवरी को दिल्ली पहुंचेगा। एक मार्च को दिल्ली में सभा होगी, जिसमें 27 देशों के शिक्षक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। मौके पर डॉ. संजय त्रिवेदी, आनंद कुमार लाल, अरुण सिन्हा, राधेश्याम पांडेय और मुश्ताक कमर उपस्थित थे।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए चलाई जा रही है मुहिम
संवाददाता सम्मेलन में शिक्षा रथ के बारे में जानकारी देते संघ के सदस्य।