- Hindi News
- घायल जवानों को देखने अपोलो पहुंचे डीजीपी
घायल जवानों को देखने अपोलो पहुंचे डीजीपी
भास्कर संवाददाता - रांची
गिरिडीह के पीरटाड़ थाना क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में घायल 16 जवानों को देखने बुधवार को डीजीपी राजीव कुमार अपोलो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों का हालचाल पूछा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हर घायल जवान को सहायता राशि के रूप में पांच-पांच हजार रुपए दिए गए। उन्हें फल भी दिया गया। घायल जवानों के परिजनों को मुफ्त में रहने और आने-जाने के लिए गाड़ी की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। डीजीपी के साथ झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष अखिलेश्वर पांडेय, संगठन महामंत्री अमलेश सिंह, उपाध्यक्ष रामाकांत उपाध्याय, प्रदेश कोषाध्यक्ष रंजन कुमार सिंह और संयुक्त महामंत्री रमेश शर्मा भी अपोलो अस्पताल पहुंचे थे।
प्रांतीय अध्यक्ष अखिलेश्वर पांडेय ने बताया कि डीजीपी राजीव कुमार की तत्परता की वजह से तीन हेलिकॉप्टर से घायल जवानों को तुरंत अपोलो अस्पताल भेजा जा सका। इसके कारण समय रहते उन्हें बेहतर चिकित्सा उपलब्ध हो सका और घायल सभी जवान खतरे से बाहर हैं। इसमें डीजीपी राजीव कुमार और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र सिंह का योगदान रहा। बुधवार को डीजीपी अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की टीम से मिले और उनके बेहतर इलाज के लिए आग्रह किया।