भारतीय रेलवे देगी खेल रत्न अवार्ड
रांची - भारतीय रेल पहली बार अपने खिलाडिय़ों को सम्मानित करने के लिए रेल खेल रत्न अवार्ड की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत हर वर्ष आउट स्टैंडिंग परफार्मेंस करने वाले एक पुरुष व एक महिला खिलाड़ी को इस अवार्ड से नवाजा जाएगा। अवार्ड के रूप में नकद एक लाख रुपए, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट दिया जाएगा। कोलकाता गार्डेन रीच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेलवे स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड ने 31 मार्च से पहले सभी जोन को साल 2013-14 रेल खेल रत्न अवार्ड के लिए खिलाडिय़ों के नाम मांगें हैं। यह अवार्ड सिर्फ रेलवे के खिलाडिय़ों के लिए होगा और एक खिलाड़ी को एक ही बार ही प्रदान किया जाएगा। वर्तमान में 22 तरह के खेलों से जुड़े खिलाड़ी रेलवे में सेवा दे रहे हैं। इस साल अप्रैल तक रेलवे स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड अवार्ड की घोषणा करेगी। अवार्ड मिलने वाले खिलाडिय़ों को रेलवे की ओर से कई दूसरी सेवाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।