इस वर्ष भी एडमिशन के लिए मशक्कत
डीएवी रजरप्पा में एलकेजी के अलावा किसी क्लास में सीट नहीं
भास्कर न्यूज - रजरप्पा
कोयलांचल के विभिन्न स्कूलों में नामांकन के लिए इस बार भी अभिभावकों को परेशानी होना तय है। वैसे तो नए वर्ष की शुरुआत होने के साथ ही विभिन्न स्कूलों में बच्चों के नामांकन के लिए फॉर्म की बिक्री शुरू हो गई है। ज्यादातर स्कूलों में फरवरी में टेस्ट होगा। फॉर्म बिकने के साथ ही बच्चों के अभिभावक नामांकन के लिए हाथ पैर मारना शुरू कर दिए हैं।
सरस्वती विद्या मंदिर रजरप्पा प्रोजेक्ट
स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर में 25 दिसंबर से ही फॉर्म की बिक्री शुरू हो गई है। यहां एडमिशन के लिए शनिवार को पहले चरण का टेस्ट हुई। तीन दिन बाद रिजल्ट जारी होगा। सफल स्टूडेंट्स तुरंत एडमिशन ले सकते हैं। सेकेंड फेज का टेस्ट आठ फरवरी व अंतिम टेस्ट मार्च माह में होगी। नामांकन की प्रक्रिया 31 मार्च तक चलेगा।
आठ जनवरी तक बिक गया फॉर्म
स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल में एडमिशन के लिए अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, यहां मात्र एलकेजी में हीं नामांकन संभव है। क्योंकि अन्य क्लासेज में सीट नहीं है। यहां सीसीएलकर्मियों के लिए दो से सात जनवरी और गैर सीसीएलकर्मियों को मात्र एक दिन हीं फार्म खरीदने का मौका मिला, क्योंकि आठ जनवरी को हीं निर्धारित फॉर्म बिक गई। यहां टेस्ट के लिए कोई डेट तय नहीं हुआ है।
रजरप्पा डीएवी के प्रिंसिपल हिमांशु कुमार झा ने कहा कि डीएवी रजरप्पा में भवन के कमी के कारण एलकेजी के तीन सेक्शन में मात्र 150 बच्चों का नामांकन लिया जाएगा। शेष अन्य कक्षा में कोई सीट खाली नहीं है।