10 दिन बाद भी डीसी की पदस्थापना नहीं
लातेहार - झारखंड सरकार द्वारा 10 दिन पूर्व जिले की उपायुक्त आराधना पटनायक का तबादला कर दिया, लेकिन आज तक नए उपायुक्त की पदस्थापना नहीं होने से जिले का विकास कार्य थम-सा गया है। उपायुक्त नहीं होने से समाहरणालय भी काफी फीका है। हालांकि, जिले के उपविकास आयुक्त रामदेव दास को उपायुक्त का प्रभार मिला है, लेकिन वे भी रूटीन कार्य के अलावा कुछ करने की स्थिति में नहीं हैं। वर्तमान में उपायुक्त के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत शाखा, जिला निर्वाचन शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, पंचायती राज विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं प्रखंड आपूर्ति विभाग प्रभार पर ही चल रहा है। एलआरडीसी नागेंद्र सिन्हा नजारत एवं निर्वाचन शाखा के अतिरिक्त प्रभार में है। कल्याण पदाधिकारी मीना कुमारी को पंचायती राज का अतिरिक्त प्रभार में है। कार्यपालक दंडाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर सामान्य शाखा एवं स्थापना शाखा के अतिरिक्त जिम्मेवारी संभाल रहे हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी शैल प्रभा कुजूर सामाजिक सुरक्षा कोषांग के प्रभार में है। डीपीआरओ पंचानन उरांव के पास तो लोहरदगा जिला के डीपीआरओ का प्रभार है। नक्सल प्रभावित लातेहार जिले में दुरूह ग्रामीण क्षेत्रों से जनता अपने काम के लिए आते हैं तो बैरंग ही लौटना पड़ता है। इससे उन्हें परेशानी होती है।