अपना खेत अपना काम अभियान प्रारंभ
मनरेगा द्वारा शुरू अभियान के तहत वर्षा के जल को संचित कर खेती के लिए उपयोग में लाने के लिए मिलेगी मदद
अभियान के तहत लाभुकों को दी जाएगी दो लाख तक की मदद
भास्कर न्यूज - दुलमी
मनरेगा योजना के अंतर्गत अपना खेत अपना काम अभियान की शुरुआत की गई है। जिसकी जानकारी पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों को दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य मनरेगा सहित कृ़षि कार्य को बढ़ावा देना है। इस अभियान को पंचायत स्तर पर पूरी तरह से लागू करने के लिए चार वर्ष का समय 2013-14 से 2016-17 तक का समय निर्धारित किया गया है। कार्य पंचायत स्तर पर मुखिया की देखरेख में होगा। इसके तहत किसी भी ग्रामीण परिवार को अधिकतम दो लाख रुपए तक का सहयोग किया जाएगा। जिसमें मनरेगा के नियम श्रम एवं सामग्री 60/40 के अनुरूप कार्य किया जाएगा। यह लाभ मनरेगा जॉब कार्डधारियों होने के साथ साथ अनुसूचित जनजाति,जाति, इंदिरा आवास योजना लाभुक, भूमि सुधार के लाभुक, लघु अथवा सीमांत किसान, बीपीएल चयनित परिवार को किया जाएगा।
ये होंगे कार्य
इस अभियान के तहत निजी खेतों फार्म पांड निर्माण, निजी कृ़षि भूमि में हौदा, ढलवा जमीन पर सूखे पत्थर के चेक डैम निर्माण, खेतों में भूमि समतलीकरण के साथ स्टोन मैसोनरी वाल फेसिंग, निजी बजर भूमि को कृषि योग्य भूमि में परिवर्तन एवं मेढ़ के चारो ओर पौधरोपण कार्य, निजी खेतों में औद्योगिकी फसल विकास एवं फलदार पौधारोपण कार्य आदि कार्य किया जाएगा।
क्या होगा लाभ
इस अभियान के तहत बारिश के पानी को स्टॉक किया जाएगा। जिससे सभी मौसम में किसान खेती कर पाएंगे। साथ ही साथ बारिश के दौरान बेकार बर्बाद होने वाले पानी का स्टॉक कर अन्य जरूरी खेती से संबंधित कार्य भी किया जाएगा। जिससे एक तो बेकार बहने वाले पानी का उपयोग हो पाएगा। साथ ही साथ इससे किसानों को भी मदद मिलेगी। वही मजदूरों को भी रोजगार मिल सकेगा।