200 गरीबों को बांटे कंबल
भास्कर न्यूज - विश्रामपुर
नपं प्रतिनिधियों की आपसी खींचतान में एक पखवाड़ा से अधिक समय से फंसा कंबल वितरण से ठिठुर रहे असहाय गरीब को राहत दिलाने के लिए झारखंड नवनिर्माण मोर्चा ने अपने स्तर से मदद करने का फैसला किया है। मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह उर्फ बबलू सिंह ने इस मानवीय संवेदनशील पहलू पर सकारात्मक पहल करते हुए निर्धन आबादी वाले वार्ड 11 के दलित बरवाडीह टोला में शिविर लगाकर बुधवार को बेहद जरूरतमंद निर्धन परिवार के 200 लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत देने के लिए कंबल प्रदान किया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को आगे भी यथासंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर बबलू सिंह ने लोगों को भावनात्मक गरमाहट का संबल भी प्रदान किया। इस नेक सामाजिक कार्य में मोर्चा के उपाध्यक्ष हाफिज अब्दुल रशीद, शाहिद अंसारी, सीताराम विश्वकर्मा, अनिल रजवार, युगल किशोर रवि, दशरथ, राजेन्द्र राम आदि ने भी हाथ बंटाया।