तोरपा में बस से कुचल कर एक की मौत
खूंटी - तोरपा के कुल्डा गांव के पास मंगलवार शाम मरचा गांव के सिलास हेम्ब्रम की बस से कुचलने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने आशीष नामक यात्री बस को जब्त कर लिया है। बताया जाता है कि सिलास अपने दोस्त मतियस तोपनो के साथ स्कूटी से तोरपा से मरचा लौट रहा था। रास्ते में दोनों कुल्डा गांव के पास लघुशंका के लिए रुके। इस बीच सड़क पार करने के क्रम में सिमडेगा से रांची जा रही आशीष बस ने सिलास को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
एसएस हाई स्कूल में मतदाता दिवस 25 को
खूंटी - राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम 25 जनवरी को एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में होगा।इस संबंध में डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने स्कूल समेत जिला नजारत को आवश्यक निर्देश दिया है। कार्यक्रम दिन के साढ़े 11बजे शुरू होगा।इसकी अध्यक्षता स्कूल की प्राचार्या अनिमा तिर्की करेंगी। उन्हें 100 मतदाताओं के बैठने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
मापतौल निरीक्षक नहीं आ रहे, हॉकर परेशान
खूंटी - शहर के केरोसिन हॉकर माप-तौल निरीक्षक के एक माह से नहीं आने के कारण परेशान हैं। बुधवार को झाविमो जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा की अगुवाई में केरोसिन हॉकरों ने एसडीएम राय महिमापत रे से मिलकर उन्हें अपनी पीड़ा बताई।मिश्रा ने एसडीएम को बताया कि केरोसिन हॉकरों का लाइसेंस रिन्यूवल होना है। इसके लिए 31 जनवरी तक का समय दिया गया है। ऐसे में माप- तौल निरीक्षक के एक माह से नहीं आने से केरोसिन मापक यंत्रों का सत्यापन नहीं हो पा रहा है। इस कारण लाइसेंस रिन्यूवल का काम रुका हुआ है। मिश्रा ने एसडीएम से रिन्यूवल की तिथि बढ़ाने की मांग की है। मौके पर राजेंद्र महतो, शहीम अंसारी, गोपाल दास, सादिक हुसैन आदि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि माप-तौल निरीक्षक कई जिलों के प्रभार में हैं। इस कारण वे नियमित रूप से नहीं आ पाते हैं।
जांच जल्द पूरी करने की मांग
डकरा - जनता मजदूर संघ की अशोका शाखा के सचिव जैनुल ने अशोका पीओ को पत्र लिखकर सुरक्षा प्रहरी जहूर मियां की लंबित जांच जल्द पूरी करने की मांग की है। इस संबंध में जैनुल ने बताया कि 27 सितंबर 2011 को प्रबंधन ने ड्यूटी के दौरान सोने के आरोप में जहूर को निलंबित कर दिया था, जबकि उस दिन जहूर का बीपी लो हो जाने के कारण वह सो गया था। जहूर द्वारा इसका जवाब दिए जाने के बाद सात अगस्त 2012 को प्रबंधन ने जांच कमेटी बना दी, लेकिन आज तक जांच पूरी नहीं हुई है।नियमानुसार कोई भी जांच छह माह में पूरी नहीं होती है, तो आरोप स्वत: निरस्त हो जाता है, लेकिन इस मामले में यह भी नहीं किया गया है।
क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत कराएं : चौधरी
डकरा - वैष्णवी महिला शांति केंद्र खलारी की संयोजक सरोज चौधरी ने बुधवार को एनके महाप्रबंधक को पत्र लिखकर गुलजारबाग, साईंनगर, कुम्हारधौड़ा, जेहलीटांड़ व बैंक मोड़ में क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने इन गांवों में नियमित हेल्थ कैंप लगाने का भी आग्रह किया है। चौधरी ने पत्र में कहा है कि केडीएच में होनेवाली ब्लास्टिंग से इन गांवों के कई घरों में दरार पड़ गई है। प्रदूषण के कारण लोग कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं।
खलारी राजद का वनभोज का 29 को
डकरा - बी टाइप में बुधवार को खलारी प्रखंड राजद अध्यक्ष इस्माइल अंसारी की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि 29 जनवरी को मानकी सपही नदी घाट पर कार्यकर्ता सम्मेलन सह वनभोज का का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह, रांची जिलाध्यक्ष अनिल सिंह आजाद भी मौजूद रहेंगे। बैठक में बिनय सिंह मानकी, सागर राम, कृष्णा सिंह, गजेंद्र यादव, नरेंद्र कुमार, बिंदेश्वर राम, गोल्टन यादव, रामाधार शर्मा, रामप्रवेश राम, दिनेश विश्वकर्मा, सुदेश्वर ठाकुर, पूर्णमासी यादव, गोरख यादव व बिंदेश्वर यादव आदि मौजूद थे।
मजदूरों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे : कुजूर
डकरा - जिन कोयला मजदूरों की बदौलत कंपनी सालाना करोड़ों रुपए का मुनाफा कमाती है, उन मजदूरों की उपेक्षा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के जोनल सह सचिव सी कुजूर ने कही। वे बुधवार को डकरा में यूनियन की एक बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एनके एरिया के मजदूर नारकीय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। शुद्घ हवा-पानी तक नसीब नहीं है। प्रबंधन अगर, जल्द इन जटिल समस्याओं पर विचार नहीं करता, तो यूनियन आंदोलन का रुख अख्तियार करेगी। बैठक में मदन प्रसाद, कमलेश प्रसाद, नंदू मेहता, सुभाष प्रजापति ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मौके पर दिनेश प्रसाद सिंह, बसंत खलखो, अजय गंझू आदि लोग मौजूद थे।
ललकू अध्यक्ष व संदीप बने यूनियन के सचिव
डकरा - झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन की डकरा शाखा का गठन किया गया है। इसमें अध्यक्ष ललकू महतो, उपाध्यक्ष आशिष उरांव, सचिव संदीप कुमार, सह सचिव प्रवीण कुमार, कोषाध्यक्ष जयनंदन ठाकुर, संगठन सचिव बंधन गंझू को चुना गया है। कार्यकारिणी सदस्यों में अजय गंझू, उदय विश्वकर्मा, बंधन महतो, अविनाश कुमार, अजय साहू, सहदेव महतो, शिव प्रसाद वेदिया, धीरज मुंडा को चुना गया है। पर्यवेक्षक के रूप में सी कुजूर, दिनेश सिंह, डीएन सिंह आदि उपस्थित थे।
डकरा में स्वयं सेवकों की बैठक
डकरा - सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में बुधवार को खलारी खंड के स्वयं सेवकों की बैठक हुई। इसमें प्रांतीय प्रचारक अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि हिंदू समाज प्राचीनकाल से ही अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए तत्पर रहा है। आध्यात्मिक शक्ति के कारण ही अंग्रेजों को हिन्दुस्तान छोड़कर भागना पड़ा। उन्होंने कहा कि संघ में सभी समाज और सभी भाषाएं बोलने वाले लोग आते हैं। इन सभी के संगम से संघ की शाखाओं में लघु भारत का रूप देखने को मिलता है। स्वामी विवेकानंद के सपने को पूरा करने में संघ लगा हुआ है। बैठक में क्षेत्र के सभी शाखाओं के स्वयं सेवक मौजूद थे।
खलारी में एसके मिनरल्स का कार्यालय खुला
खलारी - शहीद चौक पर एसके मिनरल्स के कार्यालय का उद्घाटन बुकबुका पंसस रंजन सिंह व सुनील सांगा ने संयुक्त रूप सेकिया। मौके पर रमण सिंह, रंजीत सिंह, एनके सिंह, बबलू, इरफान अंसाी व कन्हैया सिंह आदि उपस्थित थे।
मतदाता दिवस की तैयारी पर चर्चा की
खलारी - खलारी प्रखंड कार्यालय में बुधवार को बीडीओ एमसी उरांव की अध्यक्षता में बीएलओ की प्रखंडस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।इसमें 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने को लेकर चर्चा की गई।मौके पर जेएसएस रमेश प्रसाद ने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि उक्त तिथि को सभी मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं को पहचान पत्र उपलब्ध कराएं। बैठक में बीएलओ विवेकानंद झा, रंजीत केशरी, सविता राय व लिली सोरेन आदि उपस्थित थे।
सड़क दुर्घटना में युवक घायल
खलारी - खलारी-बीजूपाड़ा रोड पर बुधवार को हुई दुर्घटना में एसीसी कॉलोनी के विनोद यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। विनोद अपनी मोटरसाइकिल ((जेएस02ई 8909)) से खलारी आ रहा था। आनंदशीला के समीप पहुंचने पर विपरीत दिशा से तीव्र गति में आ रहे कोयला लोड ट्रक से बचने के क्रम में गिर पड़े। टेंपो चालक सुरेंद्र यादव ने विनोद को उठाकर घर पहुंचाया, वहां से उसे इलाज के लिए रांची ले जाया गया।
आरएसआर विद्यापीठ का स्थापना दिवस आज
सिल्ली - आरएसआर विद्यापीठ उहूपीड़ी तुलीन में गुरुवार को नौवां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। साथ ही इस मौके पर असहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किया जाएगा।इसके अलावा खेल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।यह जानकारी विद्यालय के संरक्षक सुधीर महतो ने दी।