पूजा के लिए जबरन चंदा वसूली
भास्कर न्यूज - मेदिनीनगर
सरस्वती पूजा के नाम पर शहर और आसपास के क्षेत्रों में वाहन चालकों से जबरदस्ती चंदा वूसल किया जा रहा है। इस मामले में गुरुवार को पुलिस ने पुलिस लाइन से चंदा वसूल रहे बिट्टू नामक युवक को हिरासत में लिया है। जबरन चंदा वसूली से ट्रक, बस और टेंपो चालक परेशान हैं। चौक-चौराहों पर युवक गाडिय़ों को जबरन रुकवा कर चंदे की उगाही कर रह रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सरस्वती पूजा चार फरवरी को है। निम्या से मेदिनीनगर तक टेंपो चलाने वाले राजीव प्रसाद ने बताया कि वह गुरुवार को सिंगरा से यात्रियों को लेकर मेदिनीनगर आ रहा था। इसी दौरान पुलिस लाइन के पास युवकों ने जबरन उसके टेंपो को रुकवाया और सरस्वती पूजा के लिए १०० रुपए की रसीद थमा दी गई। इतना अधिक चंदा देने से इनकार करने पर युवकों ने उसके टेंपो के पहिया से हवा निकाल दिया। इसी तरह से भुक्तभोगी विजय सिंह ने बताया कि वह शहर से रजवाडीह टैक्सी लेकर जा रहा था। रेड़मा में युवकों ने उसे रोककर जबरन २०५ रुपए ले लिए। जानकारी के अनुसार रेड़मा चौक, बैरिया चौक, पोखराहा चौक, रजवाडीह, सिंगरा, बाईपास रोड के अलावा दर्जन भर स्थानों पर गाडिय़ों को रोक कर जबरन चंदा लिया जा रहा है। इस संबंध में सदर थाना प्रभारी मनोज ठाकुर ने बताया कि जबरन चंदा वसूली पर रोक लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। शिकायत मिलने पर बिट्टू नामक युवक को हिरासत में लिया है।
कार्रवाई होगी : डीएसपी
डीएसपी अजय कुमार ने कहा कि चंदा के नाम पर जबरन वसूली कर वाहन चालकों को परेशान करने की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस वैसे स्थानों पर गश्त कर रही है जहां चंदा के नाम पर वसूली की शिकायत मिल रही है।