गुमला में दो लोगों की गला रेत कर हत्या
ञ्च महिला की हत्या के पीछे डायन बिसाही का अंदेशा
भास्कर न्यूज - गुमला
गुमला जिले में बुधवार की रात को दो लोगों की हत्या कर दी गई। घाघरा प्रखंड में खद्दी उरांव और सिसई प्रखंड में लोहराइन देवी की हत्या तेज धारदार हथियार से गला रेतकर की गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दोनों मामलों में थाने में अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहली घटना घाघरा थाना क्षेत्र के चतमदाग गांव की है। यहां अज्ञात लोगों ने 50 वर्षीय खद्दी उरांव की हत्या कर दी। वह गोहाल में सोया हुआ था। उसे सोते समय ही किसी ने मार दिया। हत्या की जानकारी सुबह मिली। उसकी पत्नी दीपेन देवी ने शव को देखा। दीपेन ने कहा कि बुधवार की शाम को दूध दुहने के बाद खद्दी गोहाल घर में ही सो गया था। घर से गोहाल दूर है। इसलिए रात को क्या हुआ, कुछ पता नहीं चला। पुलिस को गुरुवार की सुबह को घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस गांव गई। दूसरी घटना सिसई थाना क्षेत्र के सोगड़ा डबनापानी गांव की है। यहां अज्ञात लोगों ने 50 साल की लोहराइन देवी की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के वक्त वह घर पर अकेले थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि डायन बिसाही में महिला की हत्या कर दी गई है। उसके पति बिरसा खडिय़ा और दो बेटे ईंट भट्ठे में बाहर काम करते हैं। मृतक की बेटी सुमित्रा देवी ने बताया कि गुरुवार की सुबह को पता चला कि उसकी मां की हत्या कर दी गई है।
अपराध - घाघरा में पुरुष और सिसई में महिला की हत्या