सोनिया गांधी 30 जनवरी को किशनगंज आएंगी
पटना - कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी 30 जनवरी को बिहार के किशनगंज में एक जनसभा को संबोधित कर राज्य में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी। बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता वीके ठाकुर ने गुरुवार को बताया कि श्रीमती गांधी का 30 जनवरी को किशनगंज का कार्यक्रम प्रस्तावित है। श्रीमती गांधी किशनगंज में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कैंपस भवन का शिलान्यास करेंगी। उनके साथ केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एमएम पल्लम राजू और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति भी उपस्थित रहेंगे। ठाकुर ने बताया कि इसके बाद श्रीमती गांधी किशनगंज के ही रूइधासा मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इस सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. शकील अहमद भी शामिल होंगे। इस जनसभा में किशनगंज के अलावा पूर्णिया, अररिया और कटिहार जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता भी भाग लेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन ((संप्रग)) एक की सरकार ने किशनगंज में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की एक शाखा के रूप में बिहार को जो एक बड़ा तोहफा दिया था, वह अब जमीन पर उतरने वाला है । इस विश्वविद्यालय में कुछ विषयों की पढ़ाई भी शुरू हो गई है।