खेल को दिनचर्या में शामिल करें : डीसी
भास्कर न्यूज - हुसैनाबाद
अनुमंडल के मैदान में शुक्रवार को अनुमंडल स्तरीय फुटबॉल के फाइनल मैच का उद्घाटन पलामू उपायुक्त मनोज कुमार ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि खेल को खिलाड़ी जीवन की दिनचर्या के साथ जोड़ें। खिलाडिय़ों के बेहतर खेल के प्रदर्शन से सामाजिक, आर्थिक उन्नति के साथ एक अलग पहचान मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार काफी राशि खर्च कर रही है। गांव से लेकर शहर तक खेल मैदान का समतलीकरण कराया जा रहा है, ताकि खिलाडिय़ों की प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके।
उपायुक्त मनोज कुमार ने अभिभावकों व खिलाडिय़ों को शिक्षा व खेल दोनों के प्रति समान रूप से रुचि लेने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में बेहतर करने पर विकास की अपार संभावना छिपी हुई है। विधायक सह सरकार के सचेतक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि हुसैनाबाद-हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व खेल में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि विकास का सही स्वरूप शिक्षा व खेल है। क्योंकि ये दोनों क्षेत्र गांव,राज्य, देश व विदेश स्तर पर ख्याति दिलाने का कार्य करता है। डीईओ रतन कुमार महावर ने कहा कि खिलाडिय़ों का यह प्रयास होना चाहिए कि हार से प्रेरणा लेकर अपनी मंजिल को पुन: प्राप्त करें। मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी शिवनारायण यादव ने की। जबकि संचालन अंगद किशोर ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भूमि उपसुधार समाहर्ता मो. लियाकत अली, प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, नगर अध्यक्ष रामेश्वर राम, जिला परिषद सदस्य मंदन पासवान,बीईओ रामनाथ श्रमिक,प्रखंड विकास पदाधिकारी जयप्रकाश नारायण, अशोक कश्यप,चंद्रेश्वर प्रसाद अधिवक्ता, राजेश नंदन सिंह, बैद महेन्द्र ठाकुर,अभय कुमार सिंह,विनय यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
टॉस करते डीसी, विधायक, एसडीओ, नगर अध्यक्ष एवं अन्य।