- Hindi News
- कॉलेज कर्मियों की हड़ताल से छात्रों का संकट बढ़ा
कॉलेज कर्मियों की हड़ताल से छात्रों का संकट बढ़ा
भास्कर न्यूज - पतरातू
पीटीपीएस कॉलेज समेत राज्य भर के 56 स्थाई संबद्धता प्राप्त डिग्री कॉलेज पिछले 16 दिसंबर से अंगीभूतिकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर डटे हैं। इसी बीच 27 जनवरी से इंटरमीडिएट सत्र 2013-15 की परीक्षा जैक द्वारा प्रथम वर्ष की परीक्षा के कार्यक्रम घोषित कर दिए गए है। अब छात्रों के समक्ष यह गंभीर संकट खड़ा हो गया है कि उन्हें एडमिट कार्ड कैसे मिलेगा। हड़ताल होने के कारण परीक्षा कैसे देंगे। दूसरी तरफ परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिका व प्रश्रय पत्र भी लेने से कॉलेजों ने इंकार कर दिया है। ऐसे में समस्याएं और दोगुनी हो गई है। कॉलेज कर्मियों ने ठान रखा है कि यह तो इंटरमीडिएट का प्रश्न है। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित होनेवाले परीक्षाओं में भी ऐसी ही परिस्थिति होगी। क्योंकि सरकार द्वारा अब तक हड़ताली कॉलेज कर्मियों के संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। अब किसी भी आश्वासन को कॉलेज कर्मी नहीं मानेंगे। जबतक अंगीभूतिकरण की अधिसूचना सरकार की ओर से जारी नहीं कर दी जाती। तब तक यह हड़ताल जारी रखा जाएगा। हड़ताली कॉलेज कर्मियों ने पीटीपीएस कॉलेज के समक्ष मांगों के समर्थन में शुक्रवार को भी जमकर नारेबाजी की। मौके पर सभी शिक्षक शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।