डीसी ने लिया परेड के रिहर्सल का जायजा
भास्कर न्यूज - मेदिनीनगर
गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस स्टेडियम में आयोजित होनेवाले मुख्य समारोह के लिए परेड का पूर्वाभ्यास किया गया। इसका निरीक्षण डीसी मनोज कुमार और एसपी वाइएस रमेश ने किया। इसके बाद अधिकारियों ने मुख्य समारोह की तैयारी का जायजा लिया। सार्जेंट मेजर टीके झा ने उन्हें अतिथियों के लिए की गई व्यवस्था और प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी। दोनों अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण के बाद पुलिस पदाधिकारियों के साथ विमर्श भी किया। कार्यक्रम को लेकर स्टेडियम को कुर्सी और टेंट लगाकर सजाया गया है। परेड के पूर्वाभ्यास में पुलिस जवानों के अलावा महिला पुलिस, होमगार्ड तथा स्कूली बच्चे शामिल थे। इस अवसर पर एसडीएम सुरेंद्र वर्मा आदि उपस्थित थे।
मुख्य समारोह में मंत्री ददई दुबे करेंगे झंडोत्तोलन
मेदिनीनगर - गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री ददई दुबे झंडोत्तोलन करेंगे। यह कार्यक्रम पुलिस स्टेडियम में होगा। इसकी जानकारी उप समाहर्ता राकेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शुक्रवार को रांची से कार्मिक विभाग का फैक्स मिला है। उप समाहर्ता ने बताया कि मुख्य समारोह में सुबह नौ बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके लिए परेड एवं झांकियों का पूर्वाभ्यास कर लिया गया है। समारोह स्थल पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की जाएगी।