- Hindi News
- बैठक से गायब कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई : एसडीओ
बैठक से गायब कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई : एसडीओ
भास्कर न्यूज - गुमला
एसडीओ आंजनेयुलु दोड्डे ने शुक्रवार को सदर प्रखंड के टीपीसी भवन में प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक कर मनरेगा योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर असंतोष प्रकट करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही बैठक में बगैर सूचना के गायब रहने वाले पंचायत और रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण मांगते हुए कार्रवाई करने का निर्देश बीडीओ अलका कुमारी को दिया।
बैठक से अंबोवा, खरका,कोटाम, बसुवा, करौंदी अरमई के पंचायत सेवक खोरा के पंचायत सेवक रोजगार सेवक, फसिया, कलिगा, सिलाफारी के रोजगार सेवक बगैर सूचना के गायब थे। एसडीओ ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पंचायत पदाधिकारी गायब हैं, जो कर्मियों की लापरवाही को प्रदर्शित करता है। सभी कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। समीक्षा के क्रम में पंचायत सेवकों ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति का कारण राशि उपलब्ध नहीं होना बताया गया। एसडीओ ने कहा कि प्रखंड को राशि उपलब्ध करा दिया गया है। एक सप्ताह के अंदर कार्य में तेजी आनी चाहिए, नहीं तो कार्रवाई होगी। बीडीओ अलका कुमारी ने प्रखंड में जेई की कमी की बात कही। इस पर एसडीओ ने एक जेई प्रतिनियुक्ति पर देने की बात कही। बैठक में बीपीओ गीता कुमारी, बीईईओ विंदेश्वरी मिश्रा, राजीव कुमार, वंशीधर यादव, संत कुमार साहू सहित प्रखंड कर्मी मौजूद थे।