- Hindi News
- मरीजों के भोजन पर सीएस ने बुलाई आपात बैठक
मरीजों के भोजन पर सीएस ने बुलाई आपात बैठक
भास्कर न्यूज - हजारीबाग
सदर अस्पताल के मरीजों को असमय भोजन मिलने की खबर भास्कर में छपते ही शुक्रवार को सीएस डॉ. ओपी आर्य ने आपात बैठक बुलाई। जिसमें डीएस डॉ. एके सिंह, प्रभारी डीएस डॉ. एसआर दांगी, अस्पताल मैनेजर मुर्शिद, भंडारपाल आशीष वर्मा, डीएस कार्यालय के सभी कर्मी मौजूद थे।
बैठक में सीएस ने एक रसोइया जयबीर दूबे के कंधों पर व्यापक लोड को देखते हुए डीएस कार्यालय में जन्म मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने में लगे सहायक रसोइया कर्मी नरेश कुमार को सहयोग के लिए पदस्थापित किया। सीएस ने निर्देशित किया कि मरीजों को अधिकतम ढाई बजे दोपहर तक खाना मिल जाना चाहिए।
कहा कि बीमार लोग अगर भूख से बिलबिलाते रहें तो उचित नहीं है। इस मसले पर सभी को संवेदनशील बनने की जरूरत है। कहा है 27 जनवरी से ढाई बजे तक दोपहर का भोजन, सुबह नौ बजे तक नाश्ता और रात में अधिकतम दस बजे तक खाना बंट जाना चाहिए। कहा की रसोई के लिए कुछ और लोगों को पदस्थापित किया जाएगा।
सीपीएम के जिला सचिव ने सीएम को लिखा पत्र : मरीजों के निवाला पर सवाल उठाने वाले सीपीएम के जिला सचिव गणेश कुमार सीटू ने शुक्रवार को इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया है। इसकी प्रतिलिपि आरडीडीएच व डीसी को भी सौंपी है। पत्र में कहा है कि हजारीबाग प्रमंडलीय सदर अस्पताल में तीन जिले के मरीज पहुंचते हैं। यहां सात सात वार्ड हैं। जहां सैकड़ों मरीज भर्ती रहते हैं। मरीज को सुबह में समय पर दवा लेना होता है। परंतु समय पर भोजन नहीं मिलने के कारण वे दवा समय पर नहीं ले पाते हैं।
आरोप लगाया है कि घटिया खाना परोस कर राशि का बंदरबांट किया जाता है। कहा हे कि इसकी उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारी और कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अन्यथा पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी।
> अब सहायक रसोइया नरेश कुमार खाना बनाने में सहयोग करेंगे
> सभी को संवेदनशील बनने की जरूरत : सीएस