तीन बॉक्साइट ट्रकों को फूंका
भास्कर न्यूज . विशुनपुर((गुमला))
विशुनपुर प्रखंड के सखुवा मोड़ के समीप ग्रीन आर्मी उग्रवादी संगठन ने शनिवार की सुबह जमकर उत्पात मचाया। तीन बॉक्साइट ट्रकों को आग के हवाले कर दिया। तीनों ट्रक बुरी तरह जल गए। गाड़ी चालक हरि, राजकुमार व एक अन्य के अपहरण की भी सूचना है। पुलिस इन तीनों को खोज रही है। ऐसे पुलिस का कहना है कि उग्रवादियों के डर से तीनों भाग
गए हैं।
उग्रवादियों ने नेतरहाट घाटी के समीप बीच सड़क पर पेड़ की डाली गिराकर गाडिय़ों को रुकवा कर घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत है। उग्रवादियों ने पर्चा भी छोड़ा है। वह सड़क पर गिरे पेड़ की डाली पर सटा हुआ था। जिसमें घटना की जिम्मेवारी लेते हुए बिना माइनेज के माइंस नहीं चलाने व ठेकेदारों को संपर्क करने की चेतावनी दिया है। घटना की सूचना पर नौ बजे नेतरहाट थानेदार चंदन सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ किए। इसके बाद सड़क में गिराए गए डाली को हटाकर आवागमन चालू किया गया।
पुआल डालकर गाड़ी में आग लगाई
ट्रक चालक अनिल टोप्पो ने बताया कि वे लोग बनारी से गुरदरी व अमतीपानी माइंस जा रहे थे। तभी सखुवा मोड़ के समीप बीच सड़क पर डाली गिरा देखकर वे लोग गाड़ी रोक दिए। डाली को हटाने के दौरान दो उग्रवादी हथियार लहराते हुए पहुंचे। हवा में दो फायरिंग किया। वे लोग बोल रहे थे कि बंदी में गाड़ी चलाते हो। इतना कहते हुए सड़क के किनारे रखे पुआल को गाड़ी में डालकर उसमें आग लगा दी। आग लगाने से पहले चालक खलासी को गाड़ी से नीचे उतार लिया था। अनिल ने कहा कि आग लगाने के बाद बिना माइनेज के गाड़ी नहीं चलाने की धमकी दिया। जब उग्रवादी वहां से गए, तो अन्य गाड़ी के चालक वहां नहीं थे।
उग्रवादियों ने ठेकेदारों को धमकाया
ग्रीन आर्मी ने छोड़े पर्चे में अमतीपानी, कुजाम, गुरदरी के गाड़ी मालिक व चालकों को धमकाया है। साथ ही ठेकेदार गिरीनाथ सिंह को माओवादी शिव उरांव के संपर्क पर रहकर काम नहीं करने व हनीब मियां व कासिम मियां को बिचौलियागिरी बंद करने के लिए धमकाया है।
ट्रक के साथ धान भी जलकर राख
उग्रवादियों ने पहले लोहरदगा निवासी अरुण सिंह की गाड़ी ((नंबर जेएच08सी 0585)) को आग लगाया। इसके आगे का पूरा हिस्सा जल गया। उसके बाद बनारी निवासी अनिल टोप्पो की गाड़ी ((नंबर जेएच 8सी 0521 व आयशर ट्रक नंबर जेएच 014ए 4269)) को आगे के हवाले कर दिया। ये दोनों ट्रक बुरी तरह जला है। ट्रक में धान भी लदा हुआ था। वह भी जल गया। दोपहर तक इन ट्रकों से धुंआ व आग निकल रही थी।