मुआवजा की मांग पर जदयू ने दिया धरना
भास्कर न्यूज. घाटोटांड़
जमीन के बदले नौकरी व मुआवजा की मांग को लेकर केदला उत्खनन परियोजना कार्यालय के समक्ष शनिवार को विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन जदयू के बैनर तले सैकड़ों रैयतों ने मिलकर किया। प्रदर्शन से पूर्व रैयतों ने अपने गांव से रैली निकाली। ढोल नगाड़े बजाते हुए सीसीएल प्रबंधन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। रैली केदला परियोजना कार्यालय के समक्ष पहुंचा। जहां पर एक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक खीरू महतो ने अपने संबोधन में कहा कि सीसीएल प्रबंधन यहां पर उद्योग लगाकर ग्रामीणों का शोषण कर रही है। कई एकड़ जमीन के अधिग्रहित करने के बाद भी वर्षों से उस पर नौकरी व मुआवजा हनीं दिया गया है। दस सूत्री मांग पर प्रबंधन पंद्रह दिनों के भीतर नही मानती है तो पूरे परियोजना का चक्का जाम कर दिया जाएगा। मौके पर जदयू नेता राजू महतो, मुखिया गिरधारी महतो, आरती देवी, मदन तुरी, बासुदेव महतो, लालमुनि महतो, सुदलू घासी, दशरथ यादव, कैला महतो, मोहन महतो, कोलेश्वर करमाली समेत सैकड़ों रैयत शामिल थे।