अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मौत
भास्कर न्यूज . गुमला
गुमला जिला में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना डुमरी थाना के टांगरडीह गांव की है। यहां मंत्री बस से गिरने से साखू जुरमू गांव निवासी 16 वर्षीय पास्कल लकड़ा की मौत हो गई। पास्कल रजावल हाई स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। उसे इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देना थी। वह डुमरी बाजार आया था।
शाम को मंत्री बस की छत पर बैठकर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान टांगरडीह के समीप पेड़ की टहनी से टकराने से नीचे गिर गया। उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को अपने कब्जे में लेकर उसे पुलिस को सौंप दिया। वहीं दूसरी घटना रायडीह थाना क्षेत्र के डोबडोबी के पास घटी। यहां मोटरसाइकिल और ट्रक की सीधी भिड़ंत होने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों में कटकाया निवासी सामुवेल कुजूर और लौकी निवासी पुनीत तिर्की हैं। लौकी निवासी वरदान टोप्पो गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार तीनों युवक मांझाटोली चर्च अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। शादी के बाद वे लोग अपने डिस्कवर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। तभी गुमला से छत्तीसगढ की
ओर जा रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। इससे पुनीत की मौत घटनास्थल पर हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया। जहां इलाज के क्रम में सामुवेल ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वरदान टोप्पो को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर
कर दिया।
घटना के बाद जाम में फंसी गाड़ी।