जलडेगा में रोलर और मिक्सचर मशीन फूंकी
भास्कर न्यूज . जलडेगा
जलडेगा थाना क्षेत्र के बांसजोर आउटपोस्ट के ओडि़शा सीमा से सटे बोंगेरा एदेलबेड़ा गांव में अज्ञात लोगों ने एक रोलर तथा मिनी हॉट मिक्सचर मशीन को आग के हवाले कर दिया। सड़क निर्माण कार्य में लगे इस रोलर और मशीन से अपराधियों ने डीजल निकालकर उसे आग लगा दी। इससे मशीन का मुख्य हिस्सा जल गया। रोलर और मिक्सचर मशीन प्रदीप इंटरप्राइजेज कंपनी की बताई जाती है। कंपनी की ओर से चार करोड़ की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत १७ किमी सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा था। बताया गया कि 15 दिन पूर्व कार्यस्थल पर कुछ हथियारबंद अपराधी आए थे और 50 हजार रुपए की मांग की थी। साथ ही कंपनी के मुंशी लाल अजयनाथ शाहदेव से 30 हजार रुपए की लूट हुई थी। इधर बांसजोर ओपी प्रभारी तुलसीदास मुंडा ने बताया कि मुंशी की शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि घटना में किसी नक्सली संगठन का हाथ हो सकता है। इधर घटना के बाद जलडेगा थाना प्रभारी महादेव रविदास, बांसजोर ओपी प्रभारी तुलसीदास मुण्डा, एएसआई सलाद्दीन और शालिग्राम गोस्वामी के नेतृत्व में छापामारी अभियान चलाया गया।
बांसजोर में जलाई गई मिक्सचर मशीन और रोलर।