सफल प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
मांडू - राजकीय मध्य विद्यालय मांडू परिसर में सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें गणतंत्र दिवस के मौके पर सुभाष स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान सफल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक सूर्यनारायण प्रसाद गुप्ता, सीआरपी सत्येंद्र कुमार और राजन प्रसाद द्वारा किया गया। मौके पर प्रधानाध्यापक सूर्यनारायण गुप्ता ने खेलकूद प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जीवन का एक अंग है। उन्होंने सभी बच्चों को प्रत्येक क्षेत्र में अव्वल होकर अपने स्कूल का मान और सम्मान बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक दुर्योधन चक्रपाणि व संचालन डॉ सुनील कुमार कश्यप ने किया। मौके पर स्कूली बच्चों के अभिभावक मौजूद थे।