20 साल बाद लहराया तिरंगा
भास्कर न्यूज - चैनपुर
जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर अति उग्रवाद प्रभावित कुरुमगढ़ और सिविल में 20 वर्षों के बाद शान से तिरंगा लहराया। 19 वर्षों से यहां माओवादी काला झंडा फहराते थे। डर से स्कूलों में तिरंगा झंडा फहराया नहीं जाता था, लेकिन इस बार माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पहुंचे सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट पुरुषोत्तम कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर तेजनारायण सिंह सहित 2018 बटालियन के जवान और सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने तिरंगे झंडे को सलामी दी। झंडोत्तोलन के बाद पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है। इसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। सभी ग्रामीणों को दायित्व बनता है कि मुख्यधारा से भटके युवक समग्र विकास के बारे में सोचें। इंस्पेक्टर ने कहा कि इस देश की आन बान शान की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। हम सभी इस तिरंगे के नीचे प्रण लें कि शोषण और अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाएं। वहीं 218 बटालियन के नेतृत्व में स्कूली विद्यार्थियों के बीच खेलकूद का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतियोगी को पुरस्कृत किया गया। मौके पर वसीम खान, रंजीत सिंह, विजय वर्मा, राजेश सिंह सहित कई लोग थे।
हर साल काला झंडा फहराया जाता था