माओवादी का पोस्टर चिपकाने वाला गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - मेदिनीनगर
सतबरवा ओपी पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर स्कूल और कॉलेज में काला झंडा फहराने और भाकपा माओवादी का हस्तलिखित पोस्टर साटने के आरोप में विजय यादव को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो अन्य साथी भागने में सफल रहे। विजय यादव लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सेरेनदाग गांव का निवासी है। भागने वाले दो युवकों का नाम उमेश यादव और संजय यादव है। उमेश भी सेरेनदाग गांव का रहने वाला है, जबकि संजय यादव एकता गांव का निवासी है। तीनों बाइक पर सवार होकर गणतंत्र दिवस के अहले सुबह तीन बजे सतबरवा नामधारी कॉलेज परिसर में काला झंडा फहरा कर और पोस्टरबाजी कर सर्वोदय हाई स्कूल परिसर में पोस्टर साटने गए थे। उसी दौरान गुप्त सूचना पर पुलिस उनके पीछे दौड़ीं जिसमें विजय यादव बाइक के साथ पकड़ा गया जबकि शेष दोनों भाग गए। पुलिस उनके पास से सात हस्तलिखित पोस्टर जिसमें गणतंत्र दिवस, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और जय राम रमेश के अलावा बहुराष्ट्रीय कंपनियों के खिलाफ श्लोगन लिखे गए थे। डीएसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि विजय यादव के घर से पूर्व में भी अवैध गांजा पकड़ा गया था, जिसका केस चल रहा है।