महिला की गोली मारकर हत्या
मांडर - सकरा गांव में वृद्ध महिला गउरा उराईन((60)) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना 25 जनवरी की रात के लगभग 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार गउरा उराईन अपने घर में थी । तभी चार नकाबपोश अपराधियों ने पहले शराब की मांग की, जब गउरा शराब लेकर बाहर निकली तो अपराधियों ने गोली चला दी। इससे उसकी मौत हो गई। मृतक की बेटी सुको उराईन ने थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
नेशनल एसके एजुकेशनल ट्रस्ट का लक्की ड्रॉ
चान्हो - नेशनल एसके एजुकेशनल ट्रस्ट का लक्की ड्रॉ रविवार को चान्हो बाजारटांड़ में निकाला गया। इसमें पतराटोली निवासी शमशाद अंसारी को यामाहा बाइक मिला। वही सुहाना परवीन ((फूलसुरी)), महफिल अंसारी ((ककरगढ़)), शमसुल अंसारी (( पतराटोली)) व फरहान अंसारी को एक-एक साइकिल मिला। जबकि एजेंट सहजाद अंसारी को एक साइकिल दिया गया। मौके पर ट्रस्ट के चेयरमैन साबिर खान, खालिद अंसारी, प्रिंस कुमार, एजाजुल रहमान, जाहिद अली, गोविंद महली, आजाद सहित अन्य उपस्थित थे।ं
मोर्चा के कार्यों की समीक्षा की हुई
चान्हो - झारखंड विकास मोर्चा चान्हो प्रखंड ईकाई के किसान व महिला मोर्चा की बैठक क्रमश: भानु महतो व संगीता देवी की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष शशि कुमार साहू द्वारा दोनों मोर्चा के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही एक फरवरी को धन संग्रह, जन संग्रह कार्यक्रम का शुभारंभ बीजूपाड़ा से करने का निर्णय लिया गया। बैठक में केंद्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष उषा खलखो, सुनील उरांव, अशोक महतो, प्रह्लाद महतो, भिखू यादव, रविंद्र यादव, बालमुकुंद महतो, अंजू देवी, नितू कुमारी, सावित्री देवी, ललिता देवी सहित अन्य उपस्थित थे।