गोलीकांड के विरोध में तोपा परियोजना ठप
कुजू - सीसीएल तोपा लोकल सेल में दबंग युवकों द्वारा सीसीएल कर्मियों पर गोली चलाने की घटना से नाराज तोयरा के ग्रामीणों ने रविवार को परियोजना का समस्त कार्य रोक दिया। इस दौरान उत्पादन, ट्रांसपोर्टिंग व लोकल सेल में कोयला लदाई का कार्य पूर्ण रूप से बाधित रहा। बाद में प्रबंधन द्वारा ग्रामीणों के साथ तोपा रेस्ट हाउस में वार्ता की गई। इसमें लोकल सेल में अधिकृत लिफ्टरों के प्रवेश, गोलीकांड के आरोपी फिरोज के लिफ्टर पर कानूनी कार्रवाई सहित संबंधित ट्रकों को ब्लैक लिस्ट करने सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वार्ता के बाद बंद वापस लिया गया। वार्ता में मुख्य रूप से रामगढ़ एसडीपीओ अशोक कुमार, ओपी प्रभारी अब्दुल रहमान, खान प्रबंधक राजेश खन्ना सहित ग्रामीणों की ओर से रेवालाल महतो, जयनाथ महतो, जयनंदन करमाली, धनेश्वर मांझी शामिल हुए।