रन फॉर झारखंड में दौड़े हजारों
भास्कर न्यूज - चतरा
स्वामी विवेकानंद की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में झारखंड स्पोट्र्स वेलफेयर फाउंडेशन के तहत आयोजित युवा पखवाड़ा रन फॉर झारखंड का कार्यक्रम सोमवार को चतरा में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम गत 12 जनवरी को रांची से शुरू हुआ था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो शामिल हुए। रन फॉर झारखंड कार्यक्रम के तहत चतरा में लगभग पांच
हजार लोग सुदेश के साथ दौड़े। यह कार्यक्रम प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ग्राउंड में
आयोजित था।
मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित है।
युवाओं को एकजुट होकर देश व राज्य के नव निर्माण में आगे आने की जरूरत है। युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है। इस दौरान उन्होंने लोगों को देश की तरक्की व उन्नति के लिए शपथ दिलाई। इसके बाद दौड़ शुरू किया गया। शहर के मुख्य मार्गो में दौड़ लगाते हुए लोग शहीद विनय भारती पार्क पहुंचे। यहां भी लोगों ने शपथ लिया।
कार्यक्रम में आजसू विधायक उमाकांत रजक, लोकसभा प्रभारी तिलेश्वर साहू मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में चतरा विधानसभा प्रभारी अशोक गहलोत के अलावा नगर कमेटी के अजय यादव, गुड्डू सोनी, विकास केशरी, बिनोद सोनी, जय जायसवाल, टुनटुन गुप्ता, दीपक पांडेय, अतीक मंसूरी सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई।