रिवाल्वर का लाइसेंस रद्द
भास्कर न्यूज - रामगढ़
एनएच 33 पर मां काली के मंदिर निर्माण में सहयोग करना भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू को महंगा पड़ गया। डीसी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने सोमवार को उनके रिवाल्वर का लाइसेंस रद्द कर दिया। साथ ही 24 घंटे के अंदर अपना हथियार थाने में जमा करने का फरमान सुनाया है। डीसी द्वारा जारी पत्र में भाजपा नेता पर एनएच 33 पर अवैध मंदिर निर्माण का आरोप लगाया गया है। पत्र में कहा गया है कि रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू ने हथियार का भय दिखा कर एनएच 33 का निर्माण कार्य रोका और मंदिर के अवैध निर्माण में दिन और रात रुक कर सहयोग किया। ज्ञात हो कि इस मामले में डीसी ने 24 जनवरी को भाजपा नेता को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। स्पष्टीकरण का जवाब नहीं मिलने पर डीसी ने उनके रिवाल्वर का लाइसेंस ही रद्द कर दिया।