महिला ने बच्चों संग की खुदकुशी
भास्कर संवाददाता - खूंटी
तोरपा थाना क्षेत्र की अम्मा पंचायत के कुल्डा गांव के रोबर्ट तोपनो की पत्नी अपोलिना तोपनो ने रविवार की रात अपने तीन मासूम बच्चों 10 साल की ममता तोपनो,पांच साल के अनूप तोपनो व एक दुधमुंही बच्ची के साथ कुएं में छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार की सुबह चारों शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी भेज दिया।
उधर रोबर्ट तोपनो ने बताया कि उसकी पत्नी व बच्चे रविवार रात साथ-साथ खाना खाने के बाद सो गये। आधी रात को जब नींद खुली तो बिस्तर पर पत्नी व बच्चे नहीं थे। वे उन्हें बाहर ढूंढने लगे। अंधेरा होने के कारण कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद वे निराश हो कर घर लौट गये। और अहले सुबह घर से निकलकर फिर ढूंढने निकल गए। काफी देर बाद पत्नी व तीनों बच्चे गांव के नजदीक एक कुएं में मृत हालत में मिले। इधर गांव में महिला समेत चार लोगों की मौत की खबर से सनसनी फैल गई। जो इस घटना के बारे में सुन रहा था वह दौड़ता हुआ घटनास्थल पर पहुंच जा रहा था। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर ज्योति प्रकाश कुजूर एवं थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद घटना स्थल पहुंचे।
विक्षिप्त थी, पहले भी प्रयास कर चुकी है : रोबर्ट
मजदूरी कर गुजारा करने वाले रोबर्ट ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। एक साल से उसका जड़ी बूटी का इलाज भी चल रहा था। इससे पहले भी वे बच्चों के साथ बेवजह जंगल जा कर आत्महत्या करने की कोशिश कर चुकी हैं।
जांच के बाद होगा मामला स्पष्ट
॥खूंटी एसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि तोरपा डीएसपी अनुदीप सिंह को जांच का आदेश दिया गया है। किन परिस्थिति में महिला तीनों बच्चों के साथ आत्महत्या करने को मजबूर हुई है, इस बिंदू पर जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या लग रहा है। लेकिन कहीं ना कहीं संदेह भी है। जो जांच के बाद स्पष्ट जो जाएगा।ञ्जञ्ज
अनीश गुप्ता, खूंटी एसपी