- Hindi News
- पंचायत को मिले नियुक्ति का अधिकार : भुवनेश्वर
पंचायत को मिले नियुक्ति का अधिकार : भुवनेश्वर
ञ्चभाकपा की प्रमंडलीय रैली और जनसभा
भास्कर न्यूज - मेदिनीनगर
आगामी लोकसभा चुनाव में अन्य दलों के साथ गठबंधन के बाद भाकपा झारखंड के तीन लोकसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। यह बातें भाकपा के राज्य सचिव और हजारीबाग के पूर्व सांसद भुवनेश्वर मेहता ने साहित्य समाज मैदान में प्रमंडलीय
रैली के बाद जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि गठबंधन के बाद हजारीबाग, चतरा और दुमका में लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी दिया जाएगा। क्षेत्रीय दलों से गठबंधन नहीं होने पर भाकपा सात लोस सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्थानीयता नीति को लागू कर राज्य के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी में नियुक्ति का अधिकार पंचायत को मिलना चाहिए। मेहता ने कहा कि झारखंड बनने के बाद पूंजीपतियों की मिलीभगत से सिर्फ इस राज्य में लूट बढ़ी है। यहां की 42 लाख जनता विस्थापन की शिकार है। झारखंड में बड़ी कंपनियों से हुए एमओयू लागू होने पर एक करोड़ जनता विस्थापित हो जाएगी।
भाकपा के राज्य सचिव ने महाराष्ट्र, केरल, गोवा के तर्ज पर राज्य के किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद कम से कम छह सौ रुपए प्रतिमाह पेंशन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में आजसू कांग्रेस और भाजपा पर भारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पलामू जिला सचिव सूर्यपत सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद साहू ने किया। कार्यक्रम में केडी सिंह, गणेश सिंह, बनवारी साहू, उपेंद्र मिश्र, राजीव कुमार समेत पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। इससे पहले पार्टी कार्यालय से रैली निकाली गई। इसमें पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले के कार्यकर्ता शामिल थे।