कुएं में डूबने से किसान की मौत
गुमला - सदर थाना के संवारिया गांव निवासी 48 वर्षीय बंधनू चीक बड़ाईक की मंगलवार की सुबह सात बजे कुएं में डूबने से मौत हो गई। वह खेत में पानी पटा रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। जबतक आसपास के लोग वहां पहुंचकर उसे निकालते, उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया। सदर अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक का दामाद राजकुमार बड़ाईक ने बताया कि सुबह को बंधनू खेत में पानी पटाने के लिए गया था। पानी पटाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा। उसे गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।