राधारानी किसान क्लब का उद्घाटन
चैनपुर - चैनपुर प्रखंड के सोकराहातू गांव में मंगलवार को डीडीएम एसके विश्वास ने राधारानी किसान क्लब का फीता काटकर उद्घाटन किया। मौके पर डीडीएम ने कहा कि किसानों को स्वावलंबी और जागरूक बनाने के लिए नाबार्ड प्रयासरत है। सरकारी स्तर पर समूह बनाकर काम करने वाले किसानों के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। किसान भाई समूह के माध्यम से काम करने ज्यादा लाभ उठा सकते हैं। आज गुमला जिला में काफी संख्या में किसान क्लब का गठन कर कृषि योजना को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है। कृषि पदाधिकारी दिनेश कुमार मांझी ने किसानों के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए किसानों को अपने विभाग की ओर से संचालित सभी योजना का लाभ देने की बात कही। मौके पर अजीत कुमार, राजू उरांव, सुरेंद्र प्रसाद, रामावती देवी, हरिनदंन खेरवार, ललिता रानी, फुलमनी कुजूर सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।