चुराई ३५ रेल पटरियां, बरामद
रजरप्पा - रजरप्पा में कोल वाशरी के रेलवे साइडिंग से सोमवार की रात चोरों ने 35 पटरियां खोल ली। अचानक हुई चोरी की इस घटना से हड़कंप मच गई। पुलिस ने सभी इलाकों में छापेमारी शुरू की। मंगलवार की अहले सुबह रजरप्पा पुलिस ने जनियामरा के जंगल से चोरी की गई 35 पटरियां बरामद कर लिया। थाना प्रभारी डोमन रजक ने बताया कि गायब किए गए लाखों रुपए मूल्य की लोहा पुलिस ने मंगलवार अहले सुबह बरामद कर लिया है। पुलिस ने गुलाब बेदिया नामक युवक को गिरफ्तार किया है। गुलाब गोला के मुरपा गांव का निवासी है।
गोला की फैक्ट्री में खपता लोहा : गिरफ्तार गुलाब ने पुलिस को उन फैक्ट्रियों के नाम भी बताए हैं जहां चोरी का माल खपाया जाता है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के बाद लोहा चोर गिरोह में शामिल दर्जनों लोगों के नाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पांच माह पूर्व भी नौ लोगों पर चोरी मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उनमें से भी कुछ लोग इस चोरी की घटना में शामिल हैं। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी।