लापता युवक का शव मिला
ञ्चअपहरण के बाद हत्या की आशंका
भास्कर न्यूज - विश्रामपुर
इस थाना अंतर्गत कौडिय़ा ग्राम निवासी जोखन यादव के छोटे पुत्र गुड्डू यादव ((22 वर्ष)) की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से लगे घने जंगल से सड़ी हुई हालत में स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर भेज दिया है। पिछले 14 जनवरी को वह घर जाने के क्रम में लापता हो गया था। तब परिजनों ने उसके अपहरण किए जाने की आशंका जताई थी। इसके बाद जंगल में चरवाहों ने शव को क्षत-विक्षत हालत में पड़े देख घरवालों को इसकी जानकारी दी। इस बाबत थाना प्रभारी एसएन साहू ने बताया कि प्रथमदृष्टया में युवक गुड्डू यादव की गला दबाकर हत्या करने का मामला लगता है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल पाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के बड़े भाई अंबिका यादव ने अज्ञात लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि छह माह पूर्व ट्रांसफार्मर को लेकर गांव के दो गुटों में मारपीट के बाद आपसी रंजिश चल रही थी। तब इस मामले में मृतक गुड्डू यादव जेल भी गया था।