याद किए गए लाला लाजपत राय
भास्कर न्यूज - गुमला
देश के वीर स्वतंत्रता सेनानी देशभक्त लाला लाजपत राय की जयंती मंगलवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ भी किया गया। मौके पर प्राचार्य डीके महतो ने लाला लाजपत राय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके सिद्धांत और विचार को अपने जीवन में उतार कर आगे बढऩे की अपील की। लाला लाजपत राय ने आजादी की लड़ाई लड़ते हुए स्वामी दयानंद सरस्वती से प्रेरित होकर उनके द्वारा स्थापित आर्यसमाज के विकास और उनके सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। इसी क्रम में उन्होंने देश भर में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए डीएवी स्कूलों की स्थापना में अपना योगदान दिया। मौके पर सीडी मेहर, आरके त्रिपाठी, पीके मोहंती, शैलेंद्र कुमार सिंह, जेके पांडेय, एनएन शाहदेव, के आचार्या, डीके सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।