प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या
रामगढ़ - रामगढ़ थाने के कोठार गांव के समीप एक 22 वर्षीय युवक की गला घोंट कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद निर्मम तरीके से उसकी आंखें भी फोड़ दी गई हैं। थाना प्रभारी दिल्लू लोहार ने बताया कि मंगलवार की शाम मृतक जीतेंद्र साव का शव गांव के ही एक कुआं से बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि जीतेन्द्र शनिवार को ही बाजार निकला था। तभी से घर नहीं लौटा था। इस मामले में मृतक की मां उमा देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उमा देवी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे का प्रेम संबंध गांव के ही मीना रविदास की बेटी के साथ था। मीना ने अपनी बेटी की शादी जबरन दूसरे गांव में कर दी। इसके बाद भी उसकी बेटी का संबंध जीतेन्द्र से खत्म नहीं हुआ। शनिवार को बाजार से लड़की के ही फुफेरे भाई अमित राम ने फोन कर जीतेन्द्र को बुलाया था। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव का हाथ पैर बांध कर कुआं में फेंक दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में छानबीन की जा रही है।